
भारत बनाम न्यूजीलैंड:सूर्यकुमार, इशान की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारत जीता
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी-20 के दूसरे मुकाबले में कप्तान सूर्य कुमार यादव व इशान किशन की धमाकेदार पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को 28 गेंद शेष रहते ही हरा कर बड़ा कीर्तिमान हासिल किया।

हमार दुनिया
भारत बनाम न्यूजीलैंड की 5 टी-20 मैचों की शृंखला का दूसरा मैच शनिवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 82) और इशान किशन (76) की आक्रामक पारियों के दम पर भारत ने पांच मैचों की शृंखला के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शुक्रवार को यहां न्यूजीलैंड को रिकॉर्ड 28 गेंद शेष रहते 7 विकेट से हराया।
पाकिस्तान को पीछे कर भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड
भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट पर 208 रन पर रोकने के बाद भारत ने महज 15.2 ओवर में तीन विकेट पर रन के साथ शृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली। भारत ने 28 गेंद शेष रहते हुए जीत दर्ज की जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 से अधिक रन का पीछा करते हुए सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था जिसने पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 24 गेंद शेष रहते 205 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। टी-20 विश्व कप से पहले लय हासिल करते हुए सूर्यकुमार ने 23 पारियों से चले आ रहे अर्धशतक के सूखे को खत्म किया। उन्होंने 37 गेंद की नाबाद पारी के दौरान 9 चौके और 4 छक्के लगाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए इशान के साथ महज 49 गेंद में 122 रन और शिवम दुबे (नाबाद 36) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 81 रन की अटूट साझेदारी के साथ टीम को आसानी से जीत दिला दी।
भारत ने अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी की
भारत बनाम न्यूजीलैंड के मुकाबले में भारत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का सफलता से सबसे बड़े स्कोर के पीछा करने के अपने रिकॉर्ड की बराबरी की। टीम ने इससे पहले 2023 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन बनाये थे। इशान ने 32 गेंद की पारी में 11 चौके और चार छक्के लगाये जबकि दुबे ने 18 गेंद की नाबाद पारी में तीन छक्के और एक चौका जड़ा। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने एक-एक विकेट लिये। इससे पहले कुलदीप यादव ने बीच के ओवरों में दो अहम विकेट लेकर शानदार वापसी की, जिससे भारत ने न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 208 रन पर रोक दिया। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने 26 गेंद पर 44 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंद पर नाबाद 47 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन को दूसरी गेंद पर ही जीवनदान मिला जब मैट हेनरी की गेंद पर कोन्वे ने बाउंड्री के बाद उनका कैच छोड़ दिया और गेंद छह रन के लिए चली गयी। सैमसन हालांकि स्कोर कार्ड में कोई इजाफ किये बगैर रवींद्र को कैच देकर पवेलियन लौट गये। अभिषेक शर्मा अपनी पारी की पहली ही गेंद पर खाता खोले बगैर जैकब डफी का शिकार बन गये। छह रन पर दो विकेट गंवाने के बाद टीम दबाव में थी लेकिन इशान पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने जैक फोक्स के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का के साथ तीसरे ओवर से 24 रन बटोर कर दबाव कम कर दिया। इसके बाद लगातार ताबड़तोड़ चौके और छक्के लगते रहे।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



